गोंडी एवं सतनाम धर्म को कानूनी मान्यता समेत चार मांगों को लेकर 14 सितंबर को मुख्यमंत्री निवास घेराव का ऐलान

Spread the love

गोंडी एवं सतनाम धर्म को कानूनी मान्यता समेत चार मांगों को लेकर 14 सितंबर को मुख्यमंत्री निवास घेराव का ऐलान
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने प्रशासन को दी सूचना, आदिवासी सतनाम समाज के अधिकारों की रक्षा की मांग

रायपुर। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी छत्तीसगढ़ ने गोंडी धर्म एवं सतनाम धर्म को कानूनी मान्यता प्रदान करने सहित विभिन्न जनहितकारी मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश उपाध्यक्ष गुरु केवल प्रकाश साहब व पार्टी के प्रदेश महामंत्री नीलेश पांडेय ने इस संबंध में रायपुर संभागीय आयुक्त को पत्र सौंपकर आगामी 14 सितंबर को मुख्यमंत्री निवास रायपुर के घेराव की सूचना दी है।


पत्र में पार्टी ने प्रमुख रूप से चार मांगें रखी हैं। इनमें गोंडी धर्म एवं सतनाम धर्म को कानूनी मान्यता प्रदान करना, रायपुर के आमापारा चौक स्थित गुरु घासीदास प्लाजा को गुंडे-बदमाशों के अतिक्रमण से मुक्त कर सतनाम समाज को सौंपने, नवीन विधानसभा भवन का नाम ममतामयी मिनी माता के नाम से यथावत करने तथा गिरौधपुरी धाम के गोद में बसे सोनाखान के जंगलों में हो रही खुदाई एवं कटाई को तत्काल रोकने की मांग शामिल है।
पार्टी का कहना है कि उक्त मांगें लंबे समय से समाज एवं क्षेत्र से जुड़ी जनभावनाओं से संबंधित हैं। इन मांगों को लेकर 14 सितंबर को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। पत्र के अनुसार सभा का आयोजन पुराना बस स्टैंड, पंडरी में किए जाने की सूचना भी प्रशासन को दी गई है।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने प्रशासन से आग्रह किया है कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा पार्टी द्वारा उठाई गई जनहितकारी मांगों पर
शीघ्र निर्णय लिया जाए।
पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर रायपुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (SDM) रायपुर तथा आयुक्त नगर पालिक निगम रायपुर को भी भेजी गई
है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *